Monday 5 December 2016

प्रत्याशा

बस है उसे इक प्रत्युत्तर की आशा,
लेकिन गहराती रही हर पल उस मन में इक निराशा,
हताश है अब वो मन और हतप्रभ जरा सा...

सुबहो-शाम आती है जब कोई आवाज,
प्रतिध्वनि जब कोई, मन पर दे जाती है दस्तक,
जाग पड़ती है उस मन की सोई सी प्रत्याशा,
चौंक उठता है वो, मन मे लिए इक झूठी सी आशा...

उसे बहुत देर तक, दी थी उसने आवाज,
सूखे थे कंठ हलक तक, रहा पुकारता वो अंत तक,
भौचक्की आँखों से अब निहारता आकाश,
लेकिन छूट चुका है धीरज, टूट चुकी है अब आशा.....

पहुँच ना सकी वो ध्वनी, उन कानों तक,
या थिरकते लब उसके शायद कर न सकी थी बातें,
या रह गई थी अनसुनी उसकी शिकायतें,
लेकिन है उस मन में, अब भी इक अटूट भरोसा....

बस है उसे अब भी, इक प्रत्युत्तर की आशा,
भले गहराती रहे कितनी उस मन में पलती निराशा,
बस है वो मन हताश थोड़ा और हतप्रभ जरा सा...

No comments:

Post a Comment