Thursday 13 April 2017

वो नव पाती

मृदुल कोमल सकुचाती सी वो इक नव पाती,
कोपलों से झांकती, नव बसंत में वो लहलहाती,
मंद बयार संग कभी वो झूमती मुस्कुराती,
कभी सुनहले धूप की, गर्म बाहों में वो झूल जाती,
नादान सी वो नव पाती, मृदुलता ही रही लुटाती!

जैठ की दोपहर, जला गई तन उस पात की,
वो किरण धूप की, रही तन को जलाती आग सी,
मौसमों से इतर, विहँसती रही थी वो पात भी,
रही निखरती वो पात, देती सघन छाँव सी,
सकुचाती बलखाती वो पाती, मृदुलता रही लुटाती!

सुकोमल मृगनयनी बिखरती रही वो नव पाती,
रंग बदलते हैं ये मौसम, नादान न थी ये जानती,
वही मंद सी बयार अब बन चुकी थी आंधी,
टूटी वो डाल से, अस्तित्व को अब कहीं तलाशती,
चिलचिलाती धूप में, झुलस चुकी थी वो पाती!

No comments:

Post a Comment